You are currently viewing जालंधर में सड़क पर बेहोश पड़ा रहा युवक:कागजी कार्रवाई में व्यस्त PCR टीम

जालंधर में सड़क पर बेहोश पड़ा रहा युवक:कागजी कार्रवाई में व्यस्त PCR टीम

जालंधर के अंबेडकर कर चौक पर एक युवक सड़क पर बेहोश पड़ा था। लेकिन मदद के लिए मौके पर मौजूद न पुलिस आगे आई और न ही 108 एम्बुलेंस स्टाफ। चश्मदीदों के अनुसार, PCR मुलाजिम कुछ कागजों पर लिखने में व्यस्त थे। जबकि बगल में बेहोश युवक जमीन पर पड़ा हुआ था। हैरानी की बात यह रही कि 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। फिर भी टीम ने युवक को न उठाया और न ही फर्स्ट एड दी।

मौके पर मौजूद लोगों ने जब एम्बुलेंस स्टाफ से पूछा कि वे किस बात का इंतजार कर रहे हैं, तो उनका जवाब था कि वे पुलिस की अनुमति का इंतजार कर रहे थे। इस पर लोगों ने गुस्सा जताया, जिसके बाद 108 टीम ने दबाव में आकर युवक को स्ट्रेचर पर डालकर एम्बुलेंस में रखा।

खड़ी कार से टकरा तेज रफ्तार स्कूटी

जानकारी के अनुसार, सबवे के बाहर एक कार खड़ी थी। तभी एक काले रंग की स्कूटी पर तेज रफ्तार से आ रहे युवक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी का आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में बेहोश हो गया।

देरी के कारण जा सकती थी युवक की जान

हादसे के करीब आधे घंटे बाद PCR टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया। लेकिन पूरी प्रक्रिया में लंबा समय लग गया। मौके पर पहुंचने के बाद भी न तो पुलिस कर्मियों ने घायल को उठाया और न ही एम्बुलेंस टीम ने कोई प्राथमिक उपचार दिया। लोगों का कहना था कि किसी की जान बचाने में मिनटों की भी देरी नहीं होनी चाहिए। लेकिन यहां दोनों टीमें तमाशबीन बनी रहीं।