तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक अत्यंत भयावह और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक व्यक्ति ने अपनी अलग रह रही पत्नी की बर्बरता से हत्या कर दी और इसके बाद शव के साथ सेल्फी खींचकर उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर ‘इसने मुझे धोखा दिया’ कैप्शन के साथ पोस्ट कर दिया। मिनटों में यह खूनी तस्वीर वायरल हो गई।
महिला हॉस्टल में दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पहचान श्रीप्रिया (मूल रूप से तिरुनेलवेली की रहने वाली) के रूप में हुई है जो अपने पति बालमुरुगन से अनबन के चलते अलग रहती थी। वह कोयंबटूर में एक निजी कंपनी में काम करती थी और शहर के एक महिला हॉस्टल में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर पति बालमुरुगन कपड़ों में दरांती (Sickle) छुपाकर हॉस्टल पहुंचा। दोनों के बीच मुलाकात के तुरंत बाद बहस शुरू हो गई जिसके बाद बालमुरुगन ने अचानक दरांती निकालकर श्रीप्रिया पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर दी।