वार्ड-49 में उद्घाटन से पहले विवाद: नींव पत्थर पर हार चुके आप नेता का नाम लिखने पर कांग्रेस पार्षद ने किया पहले ही उद्घाटन
कैबिनेट मंत्री का कार्यक्रम था शाम 6:30 बजे; प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप, कांग्रेस नेताओं ने आप सरकार पर धक्केशाही का आरोप लगाया
वार्ड-49 में विकास कार्यों के उद्घाटन को लेकर गुरुवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बस्ती नौ में 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के लिए लगाए गए नींव पत्थर पर वार्ड से चुनाव हार चुके आम आदमी पार्टी के नेता कमलजीत सिंह भाटिया का नाम होने पर कांग्रेस पार्षद नेहा मिंटू भड़क उठीं। आरोप है कि यह प्रोटोकॉल के खिलाफ है और इस मुद्दे पर पहले भी हाउस मीटिंग में आपत्ति दर्ज करवाई जा चुकी है कि हारने वाले नेताओं के नाम सरकारी उद्घाटन पत्थरों पर नहीं लिखे जाएंगे।
शाम 6:30 बजे कैबिनेट मंत्री को कार्यक्रम का उद्घाटन करना था, लेकिन उससे पहले ही पार्षद नेहा मिंटू व युवा नेता शालू जरेवाल ने वेस्ट हलके की कांग्रेस इंचार्ज सुरेंद्र कौर और पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव दीपक खोसला की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कर दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निगम ने उन्हें फोन कर कार्यक्रम की जानकारी जरूर दी, लेकिन मौके पर पहुँचने के बाद जब नींव पत्थर देखा तो उसमें चुनाव हार चुके आप नेता का नाम देखकर उन्होंने इसे तुरंत गलत बताया और अपने स्तर पर उद्घाटन कर दिया।
हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार धक्केशाही कर रही है और इसी तरह के मामलों पर कई बार विवाद खड़े हुए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रोटोकॉल का उल्लंघन किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।