एयरपोर्ट पर इंसानियत हुई फेल: फ्लाइट देरी के बीच पिता रोता रहा, बेटी के लिए सेनेटरी पैड तक न मिला
इंडिगो की फ्लाइट लेट होने से पैसेंजर परेशान—लेकिन सबसे दुखद दृश्य तब दिखा जब एक पिता बेटी की ज़रूरत के लिए गुहार लगाता रहा और स्टाफ मौन बना रहा।
देश में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे जरूर किए जाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इन दावों की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वीडियो में एक भावुक पिता एयरपोर्ट पर अपनी बेटी के लिए सेनेटरी पैड मांगते हुए रोता दिखाई देता है। उसकी बेटी की तबीयत खराब थी और उसे तुरंत सैनेटरी पैड की ज़रूरत थी।
घटना इंडिगो की फ्लाइट में देरी के दौरान की बताई जा रही है। फ्लाइट लेट होने से यात्री पहले ही परेशान थे और स्टाफ से बहस कर रहे थे। इसी बीच एक पिता भीड़ में चिल्लाते हुए एयरपोर्ट कर्मचारियों से विनती करता रहा, “प्लीज मेरी बेटी को पैड दे दो, उसकी हालत खराब हो रही है।” लेकिन वहां मौजूद यात्रियों और स्टाफ में से कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
वीडियो ने लोगों में गुस्सा और दुख दोनों पैदा किया है। इसे देखकर साफ है कि बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट होने के बावजूद मानवीय संवेदनशीलता की गंभीर कमी मौजूद है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं—क्या सुविधाओं से लैस जगहों पर इंसानियत इतनी दुर्लभ हो गई है कि एक पिता की पुकार भी अनसुनी कर दी जाती है?