कूड़ा फेंकने वालों पर मेयर की सख्ती: रात में रामा मंडी मेन रोड पर चैकिंग अभियान, मौके पर ही दी चेतावनी
मेयर वनीत धीर और सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू खुद उतरे सड़कों पर; सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई, जागरूकता भी फैलाई
जालंधर में रात के समय चोरी-छिपे कूड़ा फेंकने वालों पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने गुरुवार देर रात विशेष अभियान चलाया। मेयर वनीत धीर और सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू खुद रामा मंडी मेन रोड पर उतरे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क पर कूड़ा फेंकते पकड़े गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कचरा सड़कों पर न फेंकें, बल्कि सीधे अपने निर्धारित रैंगपिकर को ही सौंपें।
अभियान का उद्देश्य रात के समय कचरा फेंकने की आदत को रोकना और लोगों को जागरूक करना था। मेयर और डिप्टी मेयर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जालंधर को साफ-सुथरा रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और नगर निगम का सहयोग करें। अभियान के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर विक्रांत वर्मा, सैनेटरी इंस्पेक्टर विक्रांत सिद्धू, रमनजीत, राजेश, पार्षद अमनदीप और वार्ड इंचार्ज तिरलोक सिंह भी मौजूद रहे।