दादा कॉलोनी में सनसनी: पत्नी से झगड़े के बाद प्रवासी ने पार्क में झूले से फंदा लगाकर की आत्महत्या
सुबह सैर करने आए लोगों ने देखा लटकता शव; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
जालंधर के दादा कॉलोनी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक प्रवासी व्यक्ति का शव पार्क के झूले से लटका मिला। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने जैसे ही यह दृश्य देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। फोकल प्वाइंट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी।
एएसआई राजपाल सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान नंद किशोर (50) पुत्र दलारा राम, निवासी दादा कॉलोनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के बच्चों ने बताया कि वीरवार रात को उनके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था। इसी बात से नाराज़ होकर नंद किशोर ने देर रात पार्क में जाकर झूले के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।