तेज प्रताप यादव पर 3 साल से बिजली बिल बकाया, राशि पहुंची ₹3.56 लाख
जुलाई 2022 से नहीं हुआ भुगतान — प्रीपेड स्मार्ट मीटर के दौर में RJD नेता के घर पर अभी भी पोस्टपेड कनेक्शन चालू
राजद नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के पटना स्थित बेउर वाले निजी आवास पर पिछले तीन वर्षों से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया है। बिजली विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, उनके कंज्यूमर अकाउंट नंबर 101232456 पर जुलाई 2022 से नवंबर 2025 तक कोई भी राशि जमा नहीं हुई है, जिसके चलते कुल बकाया राशि बढ़कर ₹3,56,135 तक पहुंच चुकी है।
बिहार में जहां अधिकांश घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहीं तेज प्रताप यादव के घर पर अभी भी पोस्टपेड मीटर का उपयोग हो रहा है। इस कारण से लगातार तीन साल का बिल बकाया रहने के बावजूद कनेक्शन नहीं काटा गया। विभागीय रिकॉर्ड बताते हैं कि 20 जुलाई 2022 को उन्होंने आखिरी बार ₹1,04,799 का बिजली बिल जमा किया था। उसके बाद से नवंबर 2025 तक कोई भुगतान नहीं किया गया।
नवंबर 2025 के बिल के अनुसार ऊर्जा शुल्क बकाया ₹2,30,160.54, विलंब शुल्क ₹23,681.59, अन्य प्रभार ₹71,142.15 और नवंबर माह का बिल ₹4,519.39 सहित अंतिम कुल बकाया ₹3,56,135 रुपये दर्ज किया गया है।
इस बीच साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के महाप्रबंधक अरविंद कुमार ने स्पष्ट किया कि विभाग किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता को विशेष छूट नहीं देता। उन्होंने 30 नवंबर को जारी निर्देशों में पुराने बकाया उपभोक्ताओं पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।