कूल रोड पर दर्दनाक हादसा: कमर्शियल बिल्डिंग से नीचे गिरने पर एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
सफाई कार्य के दौरान हुआ हादसा; सुरक्षा में लापरवाही या तकनीकी खामी की आशंका, इलाके में मची भगदड़
जालंधर के कूल रोड पर स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में देर शाम सफाई के दौरान अचानक हुए हादसे में दो युवक नीचे गिर गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में हादसा हुआ, वहां पहले ई.डी. का पुराना कार्यालय हुआ करता था। इन दिनों इमारत के अंदर सफाई और मरम्मत का काम चल रहा था। मजदूरों के काम में लगे होने के दौरान अचानक तेज चीख-पुकार सुनाई दी। नीचे पहुंचने पर पाया गया कि दो युवक जमीन पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मजदूर किस तरह नीचे गिरे। शुरुआती आशंका यह जताई जा रही है कि या तो सुरक्षा उपायों में लापरवाही बरती गई, या फिर किसी तकनीकी खामी के चलते यह दुर्घटना हुई। हादसे की परिस्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि सफाई या मरम्मत के दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे आ गिरे। मामले की जांच जारी है।