न्यू गुरु अमरदास नगर में हंगामा: सीवरेज सफाई को लेकर पार्षद और आप नेता आमने-सामने
सुपर सक्शन मशीन रुकवाने पर विवाद, पार्षद ने युवक पर पिस्तौल तानने का लगाया आरोप; SHO ने मौके पर पहुँचकर संभाली स्थिति
थाना-1 के अधीन आने वाले वार्ड-2 के न्यू गुरु अमरदास नगर में वीरवार शाम उस समय तनाव पैदा हो गया, जब कांग्रेस पार्षद आशु शर्मा द्वारा सीवरेज सफाई के लिए बुलाई गई सुपर सक्शन मशीन को रोकने को लेकर आम आदमी पार्टी के एक नेता और उनके समर्थक मौके पर पहुँच गए। आरोप है कि आप नेता ने सफाई कार्य रुकवा दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। इसी दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में गली में बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में बहसबाजी चल रही है।
पार्षद आशु शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विवाद के दौरान एक युवक ने उन पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने अपना बचाव करते हुए युवक के हाथ पर मुक्का मारा, जिससे लोडेड पिस्तौल नीचे गिर गई। गनीमत रही कि गोली नहीं चली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने भी आप नेता पर सफाई कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया और कहा कि काम करवाने में कोई रुकावट नहीं डाली जानी चाहिए।