युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान तेज़, नशा तस्कर की अवैध इमारत पर पुलिस की कार्रवाई
पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत एडीसीपी-1 सिटी आकृषि जैन अपनी पुलिस टीम के साथ मंडी रोड पर चल रहे एक अवैध निर्माण को रुकवाने मौके पर पहुंचीं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उक्त अवैध इमारत का मालिक रोहित टंडन है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 7 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाते हुए संबंधित विभागों को सूचित किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी से जुड़े व्यक्तियों द्वारा खड़ी की गई अवैध संपत्तियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं समझा जाएगा।
इस मौके पर एडीसीपी आकृषि जैन ने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए ठोस और कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। अवैध निर्माण और गैरकानूनी संपत्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने नशे के खिलाफ प्रशासन की सख्ती की खुलकर सराहना की है।