You are currently viewing जालंधर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, भतीजी से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला चाचा फरार

जालंधर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, भतीजी से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला चाचा फरार

हरनामदासपुरा इलाके की घटना, घायल अवस्था में पीड़िता सिविल अस्पताल में भर्ती


जालंधर में एक बार फिर रिश्तों को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। हरनामदासपुरा इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंस पर अपनी ही भतीजी से दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह घर में अकेली थी, इसी दौरान उसका चाचा लगने वाला गुरविंदर सिंह घर आया और पानी मांगा। जब लड़की पानी लेकर आई तो आरोपी ने गिलास फेंक दिया और जबरन अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने और हाथापाई के दौरान लड़की घायल हो गई। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फाइनेंस का काम करता है और एक धार्मिक स्थल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़िता को हर संभव कानूनी और चिकित्सीय सहायता प्रदान की जा रही है।