कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड में नया खुलासा, डेरे के संचालक ने पहले ही दी थी घर से न निकलने की चेतावनी
पंजाब के मोहाली जिले में सेक्टर-82 स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में सोहाना कबड्डी कप के दौरान गोलियों से छलनी किए गए मशहूर कबड्डी खिलाड़ी व प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या को लेकर एक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, डेरे के संचालक साईं सुरिंदर शाह ने राणा को पहले ही एक महीने तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी थी। बताया जा रहा है कि राणा सुरिंदर शाह को बेहद मानता था और उसकी बाजू पर साईं सुरिंदर शाह का टैटू भी बना हुआ था।
इसके बावजूद राणा की सरेआम हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राणा बलाचौरिया की महज दस दिन पहले ही शादी हुई थी। वह मूल रूप से बलाचौर का रहने वाला था और वर्तमान में मोहाली में रह रहा था।
हत्या के कुछ ही मिनटों बाद चौधरी–शगनप्रीत गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस वारदात की जिम्मेदारी ली। गैंग ने दावा किया कि यह हत्या पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला है। पोस्ट में कहा गया कि राणा बलाचौरिया उनके विरोधी गिरोह से जुड़ा था और उसने मूसेवाला हत्याकांड में शामिल आरोपियों को शरण दी थी। गैंग ने इस हमले में शामिल शूटरों के नाम मक्कन अमृतसर और डिफॉल्टर करने बताए हैं।
पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को जोड़कर साजिश की परतें खोली जाएंगी।