जालंधर में जंगली सुअर का बेरहमी से शिकार, वीडियो वायरल होने पर मचा हंगामा
जालंधर में जंगली सुअर का बेरहमी से शिकार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। वायरल वीडियो में गेहूं के खेतों में एक जंगली सुअर को दौड़ाकर गोली मारते हुए दिखाया गया है। वीडियो के मुताबिक पहले सुअर पर गोली चलाई जाती है, जिससे वह घबराकर तेज़ी से भागने लगता है। इसके बाद दूसरी गोली उसके पेट में लगती है, जिससे वह मौके पर ही गिरकर तड़पने लगता है।
यह पूरी घटना लाइव शूट की गई और इंस्टाग्राम अकाउंट “लवप्रीत” से ‘चड़ी जट्टू नूं जवानी…’ गाने के साथ साझा की गई। वीडियो में एक मोटरसाइकिल भी दिखाई दे रही है, जिस पर जालंधर सीरीज़ का नंबर (PB-08) दर्ज है। बताया जा रहा है कि बाइक का नंबर नकोदर इलाके से संबंधित है, हालांकि उस पर सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी होने के कारण अभी तक मालिक का पूरा पता ट्रेस नहीं हो पाया है।
जिस इंस्टाग्राम आईडी से यह वीडियो अपलोड किया गया है, उस पर पहले भी जालंधर के नकोदर रोड साइड इलाके की कई रील और स्टंट से जुड़े वीडियो मौजूद हैं। वीडियो में दिख रही बाइक और लोकेशन के आधार पर पुलिस संभावित आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। लोगों का कहना है कि इस तरह बेजुबान जानवरों का शिकार न केवल अमानवीय है, बल्कि यह वन्य जीव संरक्षण कानूनों का खुला उल्लंघन भी है।
वहीं, स्थानीय पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत जंगली जानवरों का शिकार करना एक गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट, वाहन नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।