जालंधर में थम नहीं रहा फायरिंग का सिलसिला, शाहकोट में कबाड़ी व्यापारी की गोली मारकर हत्या
जालंधर: शहर में फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। जालंधर में अब गोलियों की आवाज़ें जैसे आम होती जा रही हैं और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता में हैं। हथियारों की खुलेआम मौजूदगी ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताज़ा मामला शाहकोट इलाके से सामने आया है, जहां कबाड़ी व्यापारी संदीप हंस उर्फ़ सोनू की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात युवक इंडिका कार का सामान खरीदने का बहाना बनाकर संदीप के पास पहुंचे थे। जब संदीप उन्हें सामान दिखा रहा था, उसी दौरान हमलावरों ने अचानक उस पर फायरिंग कर दी।
गोली इतनी नजदीक से मारी गई कि संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। एक गोली उसके माथे के पास लगी, जबकि दूसरी गोली गर्दन में लगी बताई जा रही है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और मृतक के करीबी सूत्रों का कहना है कि संदीप हंस की यह दूसरी शादी थी और कुछ लोग इस शादी से नाराज़ थे। आरोप लगाया जा रहा है कि उन्हीं लोगों ने कथित तौर पर शूटरों को पैसे देकर इस हत्या को अंजाम दिलवाया। हालांकि पुलिस ने अभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले जालंधर में कॉलेज प्रधानगी को लेकर हुई फायरिंग की घटना ने भी शहर में दहशत फैला दी थी। उस मामले में आरोपी का एनकाउंटर हुआ था, लेकिन उस घटना की गूंज थमी भी नहीं थी कि शाहकोट में यह नई हत्या सामने आ गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।