जालंधर में कॉलेज प्रधानगी को लेकर सरेआम फायरिंग, पेट्रोल पंप के बाहर चलीं गोलियां, दो छात्र गंभीर घायल
जालंधर: शहर से इस समय एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। एक कॉलेज की छात्र परिषद की प्रधानगी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते सरेआम गोलियां चला दी गईं। यह घटना पेट्रोल पंप के बाहर हुई, जहां छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र परिषद के प्रधान पद को लेकर शुरू हुई खींचतान जल्द ही व्यक्तिगत रंजिश में बदल गई। गुस्से और तनाव के माहौल में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे।
फायरिंग की इस घटना में कम से कम दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एक छात्र को छाती में गोली लगी है, जबकि दूसरे के कंधे में गोली लगने की पुष्टि हुई है। दोनों घायलों को तुरंत जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें छात्र आपस में भिड़ते और खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप परिसर में करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पंप कर्मियों में भी हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गुट दो कारों में सवार होकर मौके पर पहुंचा, फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही अलावलपुर पुलिस, आदमपुर थाना पुलिस और डीएसपी करतारपुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय पेट्रोल पंप के दफ्तर में कर्मचारी और पंप मालिक भोजन कर रहे थे, जिससे उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस ने पंप कार्यालय से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने एक बार फिर जालंधर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।