श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम में CM नायब सिंह सैनी हुए शामिल, 31 लाख रुपये देने की घोषणा
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब गोबिंदपुरा, भम्भौली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और श्री गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस पावन धरा पर आकर उनका मन श्रद्धा और गौरव से भर गया है। श्री गुरु तेग बहादुर जी ने न केवल भारत की अस्मिता की रक्षा की, बल्कि मानवता को धर्म, सत्य और बलिदान का मार्ग दिखाया। यह शहीदी समागम गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत के साथ-साथ माता गुजर कौर जी और चारों साहिबजादों की महान कुर्बानी को समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुवाणी, कीर्तन और कथाओं के माध्यम से संगत निहाल हो रही है और युवा पीढ़ी गुरु साहिबान व वीर साहिबजादों की शहादत से प्रेरणा ले रही है। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारा ट्रस्ट को 31 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। गुरुद्वारा ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा, श्री गुरु तेग बहादुर जी का चित्र और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं की सराहना की और आयोजन के लिए बाबा जसदीप सिंह व समस्त आयोजकों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सरबंसदानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार की शहादत विश्व इतिहास की सबसे महान कुर्बानियों में से एक है। बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की अल्प आयु में दी गई शहादत आज भी हर भारतीय को नमन करने को मजबूर करती है। यह बलिदान सिखाता है कि वीरता उम्र की मोहताज नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीर साहिबजादों के शहीदी दिवस को हर वर्ष 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा गुरु साहिबान की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में कई संस्थानों और परियोजनाओं को श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम समर्पित किया गया है। साथ ही 1984 के दंगों में प्रभावित हरियाणा के 121 परिवारों को रोजगार देने के निर्णय का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, पूर्व विधायक बिशनलाल सैनी सहित बड़ी संख्या में साध-संगत और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।