14 वर्षीय अगवा की गई किशोरी 4 घंटे में बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जालंधर कमिश्नरेट की परागपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 साल की अगवा की गई किशोरी को मात्र 4 घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चौकी इंचार्ज सुरिंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि किशोरी की माता द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में बताया गया कि रवि उर्फ घैटू पुत्र वीरपाल, निवासी गांव कठियार, जिला मधोपुर सिगटी, बिहार (हाल निवासी किराएदार, दीप की कोठी, परागपुर) उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर गांव नंगल करार खां से अगवा कर ले गया है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि उर्फ घैटू के खिलाफ थाना जालंधर कैंट में एफआईआर नंबर 216 दर्ज की और तेजी से छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने किशोरी को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया है।
चौकी इंचार्ज सुरिंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, बरामद की गई किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।