You are currently viewing वेस्ट हलके में बढ़ता अपराध, गन प्वाइंट पर लूट से दहशत

वेस्ट हलके में बढ़ता अपराध, गन प्वाइंट पर लूट से दहशत

वेस्ट हलके में बढ़ता अपराध, गन प्वाइंट पर लूट से दहशत

कोट सद्दीक इलाके में मीट शॉप से 8 हजार लूटे, शराब ठेके पर भी फायरिंग

जालंधर के वेस्ट हलके में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और फायरिंग की घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं। ताजा मामला थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आने वाले कोट सद्दीक इलाके का है, जहां गन प्वाइंट पर लूट की वारदात सामने आई है।


ग्राहक बनकर आए लुटेरे, पिस्तौल दिखाकर लूट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहाते के साथ बनी एक मीट की दुकान पर लुटेरे ग्राहक बनकर पहुंचे। पहले उन्होंने दुकान पर सामान के रेट पूछे और फिर अचानक पिस्तौल निकालकर दुकानदार को धमकाया। इसके बाद आरोपी दुकानदार से करीब 8 हजार रुपये नकद लूटकर बाहर निकल गए।


शराब ठेके पर लूट की कोशिश, हवा में की फायरिंग

मीट शॉप से लूट के बाद लुटेरों ने पास ही स्थित शराब के ठेके को भी निशाना बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ठेकेदार को डराने के लिए हवा में फायरिंग भी की। हालांकि, ठेकेदार द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
गनीमत यह रही कि शराब ठेके पर कोई लूट नहीं हो सकी, लेकिन मीट की दुकान से लुटेरे नकदी लेकर फरार होने में सफल रहे।


CCTV खंगाल रही पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


ठेकेदार ने बताया आंखों देखा हाल

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए शराब ठेकेदार हनी ने बताया कि लुटेरे पहले बोतलों के दाम पूछ रहे थे, जिससे उन्हें शक हुआ। जैसे ही उन्होंने शोर मचाया, आरोपियों ने हवा में फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।