टोरंटो में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, यूनिवर्सिटी कैंपस के पास दिनदहाड़े वारदात
कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर गहरा गई है। भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या के कुछ ही दिनों बाद अब 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी की टोरंटो में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह वारदात यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबरो कैंपस (UTSC) के पास हुई, जिससे छात्रों और विशेषकर भारतीय समुदाय में डर और आक्रोश का माहौल है।
दिनदहाड़े हुई फायरिंग
टोरंटो पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। फायरिंग हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड इलाके में हुई, जो यूनिवर्सिटी कैंपस के बेहद नजदीक है। गोली लगने से शिवांक अवस्थी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मृतक की पहचान, पुलिस ने मांगी मदद
पुलिस ने मृतक की पहचान शिवांक अवस्थी (20 वर्ष), निवासी टोरंटो के रूप में की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिवांक यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के छात्र थे या नहीं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने शिवांक की तस्वीर सार्वजनिक की है और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह पुलिस से संपर्क करे।
कैंपस अस्थायी रूप से सील
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबरो कैंपस को कुछ समय के लिए सील कर दिया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए, जबकि हाइलैंड क्रीक वैली की ओर जाने वाले रास्तों को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। हालात की समीक्षा के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कैंपस में फिलहाल कोई सक्रिय खतरा नहीं है, जिसके बाद सभी प्रतिबंध हटा लिए गए।
इस घटना ने एक बार फिर कनाडा में भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।