जी.टी. रोड पर कार में संदिग्ध हालत में युवक की लाश बरामद, जांच में जुटी पुलिस
जी.टी. रोड स्थित जंग-ए-आजादी स्मारक के पास सर्विस लेन पर खड़ी एक कार की ड्राइविंग सीट से एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कार सड़क के एक किनारे खड़ी थी और ड्राइविंग सीट पीछे की ओर झुकी हुई थी, जिस कारण अंदर पड़ी लाश राहगीरों की नजर में नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पहचान रोबिनदीप सिंह (36) पुत्र जगजीत सिंह, निवासी जंडियाला गुरु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोबिनदीप सिंह कैपिटल फाइनेंस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
मृतक के पिता जगजीत सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे रोबिनदीप रोजाना की तरह बैंक के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा। कई बार फोन करने के बावजूद जब उसने कॉल रिसीव नहीं की, तो परिवार चिंतित हो गया। अगले दिन जब बैंक में भी उसके न पहुंचने की जानकारी मिली, तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े।
तलाश के दौरान परिजनों को करतारपुर जी.टी. रोड पर जंग-ए-आजादी स्मारक के पास रोबिनदीप की कार खड़ी दिखाई दी। परिजनों ने आशंका जताई कि कार संभवतः पिछले दिन से ही वहां खड़ी थी। जब उन्होंने कार के अंदर देखा तो ड्राइविंग सीट पर रोबिनदीप की लाश पड़ी हुई थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।