नगर कीर्तन से पहले धार्मिक बोर्ड फाड़े जाने पर बवाल, आरोपी काबू, थाना-3 घेरा
शहर में नगर कीर्तन से पहले धार्मिक सूचना बोर्ड फाड़े जाने की घटना सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बोर्ड फाड़ते हुए एक युवक को लोगों ने मौके पर ही काबू कर लिया। इसके बाद सिख और हिंदू समाज के लोगों ने कड़ा विरोध जताते हुए थाना-3 का घेराव किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस पार्षद शैरी चड्ढा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार धार्मिक बोर्ड या तो चोरी किए जा रहे थे या फिर उन्हें फाड़ा जा रहा था। बुधवार देर रात दमोरिया पुल के पास एक युवक को पोस्टर फाड़ते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार बताया, जो बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक ने पूछताछ में दावा किया कि किसी व्यक्ति ने उसे दमोरिया पुल क्षेत्र में लगे बोर्ड और पोस्टर फाड़ने के लिए कहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही सिख और हिंदू संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंच गए और घटना की कड़ी निंदा की। विरोध कर रहे लोगों ने कथित तौर पर पोस्टर छापने वाले व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
पार्षद शैरी चड्ढा ने बताया कि नगर कीर्तन को लेकर शहर के विभिन्न चौराहों और इलाकों में सूचना बोर्ड और पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें से अब तक करीब 22 पोस्टर फाड़े जा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की उच्च स्तरीय जांच नहीं की गई तो बड़ा कदम उठाया जाएगा।
उधर, थाना-3 पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।