क्रिसमस पर अमेरिका की बड़ी सैन्य कार्रवाई, नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर भीषण एयर स्ट्राइक
क्रिसमस के मौके पर अमेरिका ने पश्चिम अफ्रीका में आतंकवाद के खिलाफ अब तक की अपनी सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी वायुसेना ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों को निशाना बनाते हुए भीषण एयर स्ट्राइक की। इस हमले की पुष्टि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से की है।
डोनाल्ड ट्रंप का सख्त संदेश
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल हैंडल पर ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह कार्रवाई निर्दोष ईसाइयों की हत्याओं का जवाब है। ट्रंप ने लिखा, “मैंने इन आतंकवादियों को पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर निर्दोष ईसाइयों का नरसंहार नहीं रुका तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आज रात वही हुआ।”
उन्होंने बताया कि कमांडर-इन-चीफ के रूप में उनके निर्देश पर युद्ध विभाग (Department of War) ने ISIS के ठिकानों पर सटीक और घातक हमले किए।
हमले का वीडियो भी जारी
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने इस सैन्य अभियान का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें रात के अंधेरे में आतंकी ठिकानों को तबाह होते देखा जा सकता है। अमेरिका ने इस कार्रवाई को “Peace through Strength” यानी शक्ति के बल पर शांति का प्रदर्शन बताया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह नाइजीरिया की धरती पर अमेरिका का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला माना जा रहा है। हमले में बड़ी संख्या में आतंकवादियों के मारे जाने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक संख्या फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पश्चिम अफ्रीका में सुरक्षा हालात और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं पर भी नजर रखी जा रही है।