गोरखपुर में महिला का साहस बना हथियार, दुष्कर्म का वीडियो बनाकर आरोपी मेडिकल संचालक को भिजवाया जेल
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए न सिर्फ अपने साथ हुई दरिंदगी का खुलासा किया, बल्कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए अपनी जान और इज्जत को जोखिम में डालकर पुख्ता सबूत भी जुटाए। पीड़िता की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दवाई देने के बहाने किया बेहोश
घटना करीब तीन महीने पहले 19 सितंबर की बताई जा रही है। खोराबार थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता, जिनके पति विदेश में काम करते हैं, किसी काम से बाजार गई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद वह मजनूं तिराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। स्टोर संचालक किशुन गुप्ता महिला का परिचित था।
आरोप है कि किशुन गुप्ता ने मदद के बहाने महिला को दुकान के अंदर बुलाया, दवाई दी और आराम करने को कहा। दवाई खाते ही महिला बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल
पीड़िता का आरोप है कि बीते तीन महीनों से आरोपी उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और बार-बार जबरदस्ती कर रहा था। इस दौरान महिला गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रही। वह पुलिस के पास जाना चाहती थी, लेकिन उसे डर था कि बिना ठोस सबूत के उसकी बात पर भरोसा नहीं किया जाएगा।
सबूत जुटाने के लिए उठाया जोखिम भरा कदम
आरोपी को कानून के शिकंजे में लाने के लिए पीड़िता ने साहसिक फैसला लिया। जब आरोपी एक बार फिर उसके पास आया, तो महिला ने चुपके से अपना मोबाइल छिपाकर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और आरोपी की करतूत को कैमरे में कैद कर लिया।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और वीडियो साक्ष्य सौंपे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मेडिकल संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।