चंडीगढ़ में थार सवार युवकों की गुंडागर्दी, सड़क के बीच युवती से मारपीट; वीडियो वायरल
चंडीगढ़ में सड़क के बीच युवती के साथ मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थार गाड़ी में सवार दो युवक एक लड़की के साथ बेरहमी से मारपीट करते और उसे कार से घसीटते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की शुरुआत सड़क पर दो लड़कियों के बीच आपसी विवाद से हुई। वीडियो में लाल कमीज़ पहने दो लड़कियां एक-दूसरे से गाली-गलौच और हाथापाई करती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान एक काली थार वहां आकर रुकी, जिसमें से दो युवक बाहर निकले। एक युवक काली बनियान और दूसरा काली आधी बाजू की कमीज़ पहने हुए था।
आरोप है कि काली बनियान पहने युवक ने एक लड़की को पकड़ लिया और जब दूसरी लड़की थार की ओर भागी तो युवक ने उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद युवती दोबारा उठकर युवकों से भिड़ती नजर आई। वीडियो में एक अन्य युवक, जो सफेद जैकेट पहने हुए था, बीच-बचाव करता भी दिखाई देता है।
वायरल वीडियो में थार में सवार युवक लड़की को धमकी देते हुए कहते सुने जा रहे हैं कि वे उसकी जिंदगी बर्बाद कर देंगे। इस पर लड़की भी गुस्से में जवाब देती है और अपनी बहन के साथ बदसलूकी पर नाराजगी जताती है। इसके बाद आरोपी युवक ड्राइवर सीट पर बैठकर गाड़ी स्टार्ट कर देता है और तेज रफ्तार से आगे बढ़ता है, जिससे लड़की कुछ दूरी तक कार के साथ घसीटती हुई दिखाई देती है। इसके बाद थार सवार युवक मौके से फरार हो जाते हैं।
वीडियो में युवक और लड़की दोनों के नशे की हालत में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव करने के बजाय वीडियो बनाना ज्यादा जरूरी समझा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना चंडीगढ़ के किस इलाके की है और झगड़े की असली वजह क्या थी। पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।