खांबड़ा में गुंडागर्दी की हदें पार, 3 साल की बच्ची पर ईंट से हमला, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
बुधवार को जालंधर के खांबड़ा इलाके में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां मामूली विवाद के बाद आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने ईंटों और खंडों से परिवार के सदस्यों पर हमला किया, जिसमें एक 3 साल की मासूम बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
बच्ची की आंख की हड्डी टूटी
हमलावरों की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नशे की हालत में मौजूद कुछ युवकों ने 3 साल की बच्ची पल्लवी के सिर पर ईंट मार दी। ईंट उसकी आंख पर लगी, जिससे आंख की ऊपरी हड्डी टूट गई। बच्ची और उसके चाचा विकास कुमार दोनों खून से लथपथ हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
क्रिकेट खेलते युवकों से हुआ था विवाद
पीड़ित विकास कुमार निवासी खांबड़ा ने बताया कि उसके घर के पास स्थित ग्राउंड में राजा नाम का युवक अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। धूप सेंकते समय बार-बार गेंद आने पर जब उन्होंने ध्यान से खेलने को कहा, तो युवक गाली-गलौच कर चला गया। कुछ देर बाद राजा आधा दर्जन से अधिक युवकों को साथ लेकर वापस आया और गाली-गलौच शुरू कर दी।
घर में घुसकर किया हमला
डर के कारण परिवार घर के अंदर चला गया, लेकिन आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और ईंटों व खंडों से हमला कर दिया। इस दौरान विकास का सिर फोड़ दिया गया, जबकि उसकी भतीजी पल्लवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
नशे में धुत हमलावरों पर लूट का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों में कुछ युवक नशे की हालत में थे। उन्होंने विकास की भाभी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और घर से नकदी भी ले गए।
24 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। बच्ची की गंभीर हालत के बावजूद उन्हें थानों की हदबंदी का हवाला देकर इधर-उधर भेजा जा रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।