जालंधर बस स्टैंड पर नशे में धुत ASI का वीडियो वायरल, विभागीय कार्रवाई पर सवाल
जालंधर के बस स्टैंड पर नशे की हालत में एक ASI का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी लड़खड़ाते हुए चलते हुए दिखाई देता है और कुछ ही देर में जमीन पर गिर जाता है।
‘आधा पैग’ लेने का किया दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त ASI बस स्टैंड के पार्किंग एरिया में फुटपाथ पर करीब 20 मिनट तक बैठा रहा और बस का इंतजार करता रहा। जब वहां मौजूद लोगों ने उसकी हालत को लेकर सवाल किए तो उसने दावा किया कि उसने केवल “आधा पैग” शराब पी थी। इसी दौरान जब किसी व्यक्ति ने बस में देरी का जिक्र किया तो ASI ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय बस ड्राइवरों को गालियां देनी शुरू कर दीं।
कपूरथला जाने के लिए पहुंचा था बस स्टैंड
नशे की हालत में नजर आए पुलिसकर्मी की पहचान हरपिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पीएपी ट्रेनिंग सेंटर में तैनात बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह कपूरथला जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था, लेकिन अधिक शराब सेवन के कारण पार्किंग में फुटपाथ पर बैठ गया और बाद में वहीं लेट गया।
अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
राहगीरों ने ASI की हालत देखकर उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। हालांकि, इस मामले को लेकर अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अनुशासन और कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।