जापान में बर्फीले मौसम में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, 26 घायल
टोक्यो।
जापान में शुक्रवार देर रात बर्फीले मौसम के बीच एक एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना गुन्मा प्रांत के कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर मिनाकामी कस्बे के पास हुई, जो टोक्यो से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
गुन्मा प्रांत की राजमार्ग पुलिस के अनुसार, सबसे पहले दो ट्रकों की आपस में टक्कर हुई, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। ट्रकों की भिड़ंत से एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। बर्फीली सड़क होने के कारण पीछे से आ रहे वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और देखते ही देखते 50 से अधिक वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।
पुलिस ने बताया कि हादसे में टोक्यो निवासी 77 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 26 घायल लोगों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के दौरान एक दर्जन से अधिक वाहनों में आग लग गई, जिससे कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग को उस पर काबू पाने में करीब सात घंटे का समय लगा।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बर्फीले मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। एक्सप्रेसवे पर यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।