जालंधर में ज्वैलरी शॉप पर बड़ी चोरी, 10 मिनट में 50 लाख के गहने उड़ा ले गए चोर
जालंधर।
पंजाब के जालंधर शहर में रविवार तड़के चोरों के एक संगठित गिरोह ने ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शाहिद बाबू लाभ सिंह नगर की गली नंबर-6 में स्थित बब्बर ज्वैलर्स में करीब 10 नकाबपोश चोरों ने महज 10 मिनट में चोरी की पूरी घटना को अंजाम दिया।
घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे की है। आसपास सन्नाटा होने का फायदा उठाते हुए चोर पूरी तैयारी के साथ दुकान पहुंचे। सभी आरोपियों ने चेहरे ढके हुए थे और हाथों में ग्लव्स पहने हुए थे, ताकि पहचान न हो सके। पहले शॉल की मदद से शटर का लॉक तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सफल न होने पर लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर शटर उखाड़ दिया गया।
दुकान में घुसने के बाद चोरों ने तिजोरी और काउंटर को निशाना बनाया और वहां रखे कीमती सोने-चांदी के गहने समेट लिए। सुबह करीब 6–7 बजे जब मार्केट के लोगों ने दुकान का शटर उखड़ा देखा तो शॉप मालिक और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गहनों की अलमारियां खाली मिलीं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, हालांकि चोरों ने कैमरे तोड़ने की भी कोशिश की।
दुकान मालिक सोनू बब्बर ने बताया कि चोर करीब 25 तोले चांदी और 6 तोले सोना ले गए हैं, जिससे उन्हें 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्हें चोरी का पता सुबह दुकान पहुंचने पर चला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।