You are currently viewing रील बनाने के चक्कर में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार छात्र की मौत, दूसरा घायल

रील बनाने के चक्कर में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार छात्र की मौत, दूसरा घायल

रील बनाने के चक्कर में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार छात्र की मौत, दूसरा घायल

जालंधर।
जालंधर से अमृतसर जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो छात्रों के साथ रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वीडियो (रील) बनाने के दौरान हुए इस हादसे में बाइक के पीछे बैठे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना थाना मकसूदां पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही ए.एस.आई. राजिन्द्र सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल दोनों एल.पी.यू. यूनिवर्सिटी के छात्र थे और किसी काम से अमृतसर जा रहे थे।

ए.एस.आई. राजिन्द्र सिंह ने बताया कि जैसे ही छात्र एन.आई.टी. से आगे पहुंचे, वे मोटरसाइकिल पर चलते हुए वीडियो बनाने लगे। इस दौरान ध्यान भटकने से बाइक का फुटरेस्ट सड़क किनारे लगे लोहे के जंगले से टकरा गया, जिससे मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में पीछे बैठा छात्र सड़क पर गिर गया, जबकि बाइक चला रहा छात्र कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा।

पीछे बैठे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान जयवर्द्धन पुत्र श्रीनिवास के रूप में हुई है, जबकि घायल छात्र का नाम नायडू बताया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक जयवर्द्धन एल.पी.यू. यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का प्रथम वर्ष का छात्र था। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर रील बनाने के दौरान लापरवाही और जोखिम उठाने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट या वीडियो बनाने से बचें, क्योंकि एक छोटी सी गलती पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे सकती है।