दोआबा किसान संघर्ष कमेटी की बैठक में आगजनी मामले पर रोष, 2 जनवरी को थाना भोगपुर का घेराव

दोआबा किसान संघर्ष कमेटी की बैठक में आगजनी मामले पर रोष, 2 जनवरी को थाना भोगपुर का घेराव

जालंधर। दोआबा किसान संघर्ष कमेटी पंजाब की एक अहम बैठक गुरुद्वारा बदोआणा साहिब डल्ली में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के नेता बलविंदर सिंह मल्ली नंगल ने की। बैठक का मुख्य मुद्दा अमरजीत सिंह उर्फ काला बकरा के फार्म हाउस पर शरारती तत्वों द्वारा की गई आगजनी की घटना रहा।

किसान नेताओं ने बताया कि इस आगजनी में अमरजीत सिंह की कम्बाइन, एक पिकअप गाड़ी, दो मोटरसाइकिलें और दो ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। इस संबंध में थाना भोगपुर में एफ.आई.आर. दर्ज की गई थी और मामले की जांच एस.पी. (डी) कपूरथला द्वारा की गई, जो पीड़ित किसान के पक्ष में रही। इसके बावजूद घटना को दो महीने बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर किसानों ने गहरा रोष व्यक्त किया।

किसान संगठनों का आरोप है कि भोगपुर पुलिस जानबूझकर आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। इसी के विरोध में दोआबा किसान संघर्ष कमेटी ने 2 जनवरी को थाना भोगपुर का घेराव करने का फैसला लिया है। इस दिन सुबह 11 बजे किसान दाना मंडी भोगपुर में एकत्र होंगे और वहां से रोष मार्च निकालते हुए थाना भोगपुर का घेराव करेंगे।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बैठक के दौरान बिजली बिलों में बढ़ोतरी, बीजों के महंगे दाम, मनरेगा को समाप्त करने की कथित कोशिशों और किसान-मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ भी चर्चा की गई। इसके साथ ही 16 जनवरी को डी.सी. ऑफिस जालंधर में भी रोष धरना देने का ऐलान किया गया।

इस मौके पर हरविन्दरपाल सिंह डल्ली (उपप्रधान, पंजाब), बलजीत सिंह घोड़ावाही, सुखविंदर सिंह दराबां, बाबा हरचंद सिंह, अवतार सिंह जंडीर, नरिंदर सिंह (ब्लॉक प्रधान, भोगपुर), जोगराज सिंह मदारां सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।