लुधियाना: बीआरएस नगर मार्केट में बिजली बिल विवाद ने लिया हिंसक रूप, किराएदार पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद वारदात

लुधियाना के बीआरएस नगर मार्केट में बिजली के बिल और एडवांस रकम को लेकर हुआ विवाद मंगलवार रात हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आरोप है कि दुकान मालिक ने चार–पांच युवकों के साथ मिलकर अपने ही किराएदार पर भरे बाजार में हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित किराएदार राज कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:15 बजे उसका मकान मालिक गुरप्रीत उसे बिजली के बिल को लेकर बातचीत के बहाने दुकान पर बुलाकर लाया। राज कुमार के अनुसार, वह बिजली बिल की राशि पहले ही दे चुका था, लेकिन सरकारी छुट्टी होने के कारण बिल जमा नहीं हो पाया था और रसीद अभी प्राप्त नहीं हुई थी।
एग्रीमेंट के बावजूद एडवांस से किया इनकार
राज कुमार का कहना है कि दुकान मालिक के साथ उसका लिखित किराया एग्रीमेंट है और दुकान लेते समय उसने 40 हजार रुपये एडवांस दिए थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान दुकान मालिक ने एडवांस लेने से साफ इनकार कर दिया, जबकि इससे संबंधित सभी दस्तावेज मौजूद हैं। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौच और मारपीट में बदल गई।
शटर गिराया, काउंटर तोड़ा, तेजधार हथियारों से हमला
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जबरन दुकान का शटर गिरा दिया, काउंटर और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद दुकान मालिक और उसके साथ आए युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला किया, जिसमें राज कुमार को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि वह दुकान में पासपोर्ट से संबंधित कार्य करता है और हमले के दौरान उसके कार्यालय को भी भारी नुकसान पहुंचा।
CCTV में कैद पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पहले शटर गिराया गया, फिर किराएदार द्वारा रोकने की कोशिश की गई और उसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद मार्केट में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मार्केट प्रधान का बयान
बीआरएस नगर मार्केट के प्रधान नवीन प्रभाकर ने बताया,
“मारपीट के समय मैं मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन बिजली बिल के पैसे मेरे सामने ही दिए गए थे।”
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज, किराया एग्रीमेंट और दोनों पक्षों के बयान जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।