प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने बचपन की दोस्त अवीवा बेग से की सगाई, परिवार ने रिश्ते को दी मंजूरी

नई दिल्ली। गांधी परिवार में निजी खुशियों का जश्न अब सार्वजनिक हो गया है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी बचपन की दोस्त अवीवा बेग के साथ जीवन की नई पारी की ओर पहला कदम बढ़ा दिया है। परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों के बाद रेहान और अवीवा के रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने इंस्टाग्राम पर रेहान और अवीवा की तस्वीरें साझा करते हुए दोनों के रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पोस्ट के सामने आते ही यह खबर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के अनुसार रेहान और अवीवा एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं और पिछले करीब सात वर्षों से रिश्ते में हैं। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता अब शादी की दहलीज तक पहुंच चुका है। हाल ही में रेहान ने अवीवा को शादी के लिए प्रपोज किया, जिसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवारों को अपने फैसले की जानकारी दी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद इस रिश्ते को आगे बढ़ाया गया।
इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने बेहद सादगी और निजी माहौल में सगाई कर ली। इस बात की पुष्टि खुद रेहान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अवीवा के साथ एक तस्वीर साझा कर की, जिसमें उन्होंने अंगूठी का इमोजी और सगाई की तारीख भी लिखी।
फिलहाल गांधी परिवार की इस निजी खुशी को लेकर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है और सोशल मीडिया पर लोग नए जोड़े के लिए मंगलकामनाएं दे रहे हैं।