प्रेम में धोखे से टूट गई अदिति, आत्महत्या की दो बार कोशिश, लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना से एक बेहद चौंकाने और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में धोखा मिलने से आहत एक ट्रांसजेंडर युवती ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। किन्नर से महिला बनी अदिति ने पहले जहरीली वस्तु निगली, जिसके बाद साथियों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद जब वह घर लौटी तो उसने दोबारा फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे फिर से सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़िता अदिति ने बताया कि उसका करीब एक साल से गोल्डी नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक उससे शादी का वादा करता रहा और उसी के कहने पर उसने किन्नर से महिला बनने के लिए सर्जरी करवाई। अदिति का आरोप है कि उसने अपनी जेब से करीब 5 से 6 लाख रुपये खर्च कर कई सर्जरियां करवाईं, लेकिन महिला बनने के बाद गोल्डी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
अदिति ने यह भी आरोप लगाया कि गोल्डी और उसके परिजन उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गई और यह कदम उठाने को मजबूर हुई। अदिति पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है और मेहनत से अपना जीवन यापन करती है।
वहीं, फोन पर बातचीत के दौरान गोल्डी ने स्वीकार किया कि वह करीब एक साल से अदिति के संपर्क में था और दोनों के बीच संबंध रहे हैं, लेकिन उसने सर्जरी और शादी से जुड़े आरोपों से इनकार किया है। अदिति की सहेली कैमी ने आरोप लगाया कि युवक अब अदिति को धमका रहा है और शादी से साफ इनकार कर चुका है।
अदिति के अनुसार, उसकी मुलाकात करीब एक साल पहले नकोदर दरबार में गोल्डी से हुई थी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध गहरे हो गए।
इस मामले में चौकी जीवन नगर के इंचार्ज बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल अदिति की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। उन्होंने कहा कि अदिति की हालत में सुधार आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।