रिटायर्ड आईजी अमर सिंह चहल से करोड़ों की ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई, पटियाला पुलिस ने महाराष्ट्र से 6 आरोपी किए गिरफ्तार

पटियाला। रिटायर्ड आईजी अमर सिंह चहल के साथ हुई करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले में पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटियाला पुलिस ने महाराष्ट्र से इस गिरोह से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद साइबर सेल की टीमें उन्हें लेकर पटियाला के लिए रवाना हो चुकी हैं।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी ऑनलाइन ठगी के संगठित गिरोह से जुड़े हुए हैं और इस मामले में मास्टरमाइंड की भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पटियाला साइबर सेल की टीम ने दिन-रात मेहनत कर तकनीकी जांच के आधार पर इस गिरोह तक पहुंच बनाई और यह कार्रवाई संभव हो सकी। उन्होंने साइबर सेल की टीम की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी पेशेवर सफलता बताया।
गौरतलब है कि रिटायर्ड आईजी अमर सिंह चहल के साथ करीब 8 करोड़ 12 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी। इस घटना के बाद वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गए थे और उन्होंने अपने अर्बन एस्टेट स्थित आवास पर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उनकी जान बचा ली।
मामले के सामने आने के बाद पटियाला साइबर सेल ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान उन सभी बैंक खातों को फ्रीज कराया गया, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी। जानकारी के अनुसार कुल 25 बैंक खातों को फ्रीज किया गया, जिनमें से लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि रिटायर्ड आईजी चहल के खाते से ट्रांसफर हुई थी।
जांच में इस साइबर ठगी गिरोह के तार महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए। इसके बाद पटियाला पुलिस ने संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई सिम कार्ड भी बरामद किए हैं, जिनमें से कुछ निष्क्रिय पाए गए हैं।
पटियाला पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अभी जारी है और आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।