बस्ती दानिशमंदा में मोटरसाइकिल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जालंधर के बस्तियात इलाके में चोरी और लड़ाई-झगड़ों की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और रोष का माहौल है। ताज़ा मामला मेन बाजार बस्ती दानिशमंदा का है, जहां एक व्यक्ति का मोटरसाइकिल चोरी हो जाने की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार प्रेम नामक व्यक्ति ने अपना मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित प्रेम ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में थाना नंबर-5 में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।