सूर्य के दर्शन न होने से ठंड का प्रकोप बढ़ा, जालंधर में ऑरेंज अलर्ट जारी

सूर्य के दर्शन न होने से ठंड का प्रकोप बढ़ा, जालंधर में ऑरेंज अलर्ट जारी

सूर्य के दर्शन न होने के कारण पूरे दिन ठंड ने अपना जोर बनाए रखा। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही ठंड के चलते दिन और रात दोनों समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत में शीत लहर ने अचानक तीव्र रूप ले लिया है, जिसके चलते पंजाब के कई जिलों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। बढ़ती ठंड से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं महानगर जालंधर में स्थिति और गंभीर होती नजर आ रही है, जहां येलो अलर्ट को बदलकर ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया गया है। विभाग के अनुसार 6 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा, इस दौरान घनी धुंध, शीत लहर और दिन के समय भी ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

जालंधर और इसके आसपास के इलाकों में रात के समय घनी धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। धुंध का सीधा असर हाईवे यातायात पर पड़ रहा है, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में शहर के भीतरी इलाकों में भी धुंध का प्रभाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इसके अलावा पंजाब से सटे कई पड़ोसी राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसका असर ठंड की तीव्रता पर देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।