कपूरथला में खेतों से युवक का शव बरामद, दो दिन से था लापता

कपूरथला में खेतों से युवक का शव बरामद, दो दिन से था लापतामृतक युवक का फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

कपूरथला। पंजाब के कपूरथला जिले में कांजली रोड स्थित सुख सागर कॉलोनी के पास खेतों से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नडाली निवासी सागर (पुत्र सुरिंदरपाल) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था।

परिजनों के अनुसार, सागर अपनी बहन के गांव डोल से बस के जरिए कपूरथला आया था। उसने घर से यह कहकर निकला था कि वह चर्च जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने सिटी थाना पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

शव मिलने की सूचना पर सिटी थाना पुलिस एएसआई बलदेव सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुख सागर कॉलोनी के पास खेतों से शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान शव की पहचान लापता युवक सागर के रूप में की गई।

पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपा जाएगा शव

एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कपूरथला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और हर पहलू से मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।