कॉस्मेटिक सर्जरी बनी मौत की वजह, इटली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यूलिया बुर्तसेवा का निधन

कॉस्मेटिक सर्जरी बनी मौत की वजह, इटली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यूलिया बुर्तसेवा का निधन

PunjabKesari

नई दिल्ली/मास्को। सोशल मीडिया की दुनिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। इटली की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यूलिया बुर्तसेवा (Yulia Burtseva) की रूस में कॉस्मेटिक सर्जरी के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना ने एक बार फिर कॉस्मेटिक सर्जरी और ब्यूटी ऑपरेशंस की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कौन थीं यूलिया बुर्तसेवा?

38 वर्षीय यूलिया बुर्तसेवा इटली के नेपल्स की रहने वाली थीं और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 70 हजार फॉलोअर्स थे। वह अक्सर अपने पति ज्यूसेपे और छोटी बेटी के साथ लाइफस्टाइल, हेल्थ केयर और फन व्लॉग्स साझा करती थीं। उनके फैंस उन्हें एक खुशमिजाज मां और फिटनेस के प्रति सजग महिला के रूप में जानते थे।

इटली से रूस तक का जानलेवा सफर

अपनी शारीरिक बनावट को और बेहतर बनाने के लिए यूलिया ने कॉस्मेटिक सर्जरी कराने का फैसला किया था। इसके लिए उन्होंने रूस की राजधानी मास्को को चुना। 4 जनवरी को मास्को पहुंचने के बाद यूलिया ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी साझा किए थे, जिनमें वह काफी उत्साहित नजर आ रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने निचले शरीर (बटॉक्स) को सुडौल बनाने के लिए सर्जरी करवाई थी।

एनाफिलेक्टिक शॉक बना मौत की वजह

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सर्जरी के दौरान यूलिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के समय उन्हें एनाफिलेक्टिक शॉक आया। यह एक गंभीर और जानलेवा एलर्जिक रिएक्शन होता है, जो एनेस्थीसिया या किसी दवा के कारण हो सकता है। इस स्थिति में मरीज का ब्लड प्रेशर तेजी से गिर जाता है, शरीर में सूजन आ जाती है और सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगती है।

हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।

कॉस्मेटिक सर्जरी पर फिर उठे सवाल

यूलिया बुर्तसेवा की मौत के बाद सोशल मीडिया और मेडिकल जगत में कॉस्मेटिक सर्जरी की सुरक्षा, सही मेडिकल जांच और जोखिमों को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी तरह की सर्जरी से पहले पूरी मेडिकल जांच और प्रमाणित संस्थान का चयन बेहद जरूरी है।