जालंधर: जूस कॉर्नर पर एक्साइज विभाग की रेड, 261 बोतल अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

जालंधर। जालंधर रेंज-2 के सहायक आयुक्त एक्साइज नवजीत सिंह के निर्देशों पर और जसप्रीत सिंह, एक्साइज अधिकारी जालंधर वेस्ट-बी की निगरानी में कपूरथला रोड स्थित एक जूस कॉर्नर पर एक्साइज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
रेड के दौरान एक्साइज निरीक्षक मनजीत सिंह ने एक्साइज पुलिस के साथ मिलकर जूस कॉर्नर की जांच की। इस दौरान वहां से कुल 261 बोतल पंजाब किंग शराब बरामद हुईं, जिनमें 45 क्वार्ट और 216 निप्स शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 42,275 मिलीलीटर बताई जा रही है।
ट्रैक एंड ट्रेस QR कोड पाए गए स्क्रैच
जांच में सामने आया कि जब्त शराब की बोतलों पर लगे ट्रैक एंड ट्रेस QR कोड और बैच नंबर स्क्रैच किए गए थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शराब अवैध तरीके से रखी और बेची जा रही थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बलदीप सिंह पुत्र मोहिंदर सिंह, निवासी हाउस नंबर 140, बस्ती बावा खेल, और आकाश पुत्र संजीव गुजरेल, निवासी न्यू गौतम नगर, मंदिर वाली गली के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि शराब की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।