जालंधर में नकाबपोश लुटेरों का आतंक, किरयाना व्यापारी पर तेजधार हथियारों से हमला कर लूट

जालंधर। शहर के मेन इलाके प्रताप बाग रोड पर स्थित पाल अस्पताल के नजदीक देर रात करीब 12:30 बजे चार बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने एक किरयाना व्यापारी पर जानलेवा हमला कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुटेरे दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। उन्होंने व्यापारी को घेरकर दातर और लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से करीब 23 हजार रुपये नकद और एक महंगा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
राहगीरों ने दिखाई मानवता, घायल को घर पहुंचाया
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल व्यापारी को भगत सिंह चौक स्थित उसके घर पहुंचाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घर लौटते समय हुई वारदात
पीड़ित हितेश चोपड़ा, निवासी भगत सिंह चौक कृष्णा गली, ने बताया कि उसकी भगत सिंह चौक के पास किरयाना की दुकान है। वह रोज़ की तरह दुकान बंद कर प्रताप बाग रोड के रास्ते घर लौट रहा था, तभी चार नकाबपोश लुटेरों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।
पुलिस कर रही CCTV फुटेज की जांच
सूचना मिलते ही थाना नंबर तीन के एएसआई जोरावर सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी जतिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं लूट की वारदातें
पीड़ित के पिता ओंकार नाथ चोपड़ा ने बताया कि इससे पहले भी उनके साथ इसी तरह की लूट की घटना हो चुकी है, हालांकि उस समय राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया था। वहीं स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कुछ दिन पहले मोमोज की रेहड़ी लगाने वाले की स्कूटी भी इसी इलाके से छीनी गई थी।
स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का आरोप है कि किसी भेदी व्यक्ति या नशेड़ी गिरोह द्वारा देर रात अकेले घर लौटने वाले व्यापारियों की रेकी कर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नकाबपोश लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद किया जाए, ताकि इलाके में सुरक्षा का माहौल बन सके।