बठिंडा में गैंगवार की बड़ी साजिश नाकाम, तीन गैंगस्टर चार विदेशी पिस्टल और 26 कारतूसों सहित गिरफ्तार

बठिंडा। जिले में संभावित गैंगवार की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए थाना थर्मल पुलिस ने तीन गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की वरना कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ गिल पत्ती, गुरविंदर सिंह निवासी कोटशामीर और गगनदीप सिंह निवासी भोखड़ा (जिला बठिंडा) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना थर्मल में अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी
थाना थर्मल के एसएचओ गुदर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम बीते दिन ट्रांसपोर्ट नगर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की वरना कार को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार तीनों युवकों के पास से चार विदेशी पिस्टल और 26 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि बरामद कार के संबंध में जांच की जा रही है कि वह कहां से लाई गई थी और किसके नाम पर पंजीकृत है।
गैंगवार की योजना का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे बठिंडा में गैंगवार की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और उनके निशाने पर जिले का एक कुख्यात गैंगस्टर था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नेटवर्क और हथियार सप्लाई की जांच
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों की सप्लाई लाइन और उनके संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से जिले में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को रोका जा सका है। इस सफलता को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।