जालंधर: भाजपा की अहम बैठक में हंगामा, दो पूर्व विधायक आपस में भिड़े

जालंधर के सर्किट हाउस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक अहम बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब पार्टी में शामिल दो पूर्व विधायक आपस में उलझ गए। बैठक के दौरान किसी मुद्दे को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी नोकझोंक और टकराव में बदल गई, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप-प्रत्यारोप के बाद बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, झगड़े में शामिल एक पूर्व विधायक हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं, जबकि दूसरे पूर्व विधायक शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर एक बार विधायक रह चुके हैं और लगातार चुनाव हारने के बाद भाजपा में आए हैं। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि एक-दूसरे पर चाय फेंकने और गाली-गलौज तक की स्थिति बन गई।
गनमैनों ने कराया बीच-बचाव
विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद दोनों नेताओं के गनमैनों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। हालांकि इस घटना के बाद बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच असहज माहौल बना रहा।
पार्टी नेतृत्व तक पहुंची जानकारी
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच चुकी है। अब पार्टी नेतृत्व इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा रोष देखने को मिल रहा है।
2027 चुनाव से पहले बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अभी से बैठकों और रणनीति बनाने का सिलसिला शुरू कर दिया है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं पार्टी की आंतरिक एकता और छवि पर सवाल खड़े कर रही हैं।