पंजाबी सिंगर रम्मी रंधावा पर केस दर्ज, सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश का आरोप
अमृतसर।
मशहूर पंजाबी सिंगर रम्मी रंधावा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अमृतसर के थाना अजनाला की पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रम्मी रंधावा द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो हाल ही में तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें हथियार दिखाई दे रहे थे। वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और प्राथमिक जांच के बाद सिंगर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन गैरकानूनी
डीएसपी अजनाला गुरबिंदर सिंह औलख ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों की नुमाइश करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो समाज, खासकर युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हिमांशु भगत ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या कोई मशहूर हस्ती।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।