वैष्णो देवी से लौट रही गर्भवती महिला ने ट्रेन में दिया बच्चे को जन्म, जालंधर कैंट पर GRP ने पहुंचाया अस्पताल

माता श्री वैष्णो देवी के दर्शन कर कटड़ा से लौट रही एक गर्भवती महिला ने ट्रेन के भीतर ही बच्चे को जन्म दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP) जालंधर कैंट ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस का प्रबंध किया और महिला व नवजात को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
मां और बच्चा दोनों सुरक्षित
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, महिला और उसका नवजात शिशु दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से किसी भी तरह की जटिलता नहीं हुई।
कमाख्या एक्सप्रेस में हुई डिलीवरी
जी.आर.पी. जालंधर कैंट के इंचार्ज अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना ट्रेन नंबर 15656 कमाख्या एक्सप्रेस में हुई। बच्चे को जन्म देने वाली महिला की पहचान पुनीता देवी, पत्नी राज कुमार, निवासी कप्तानगंज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुनीता देवी अपने पति और बच्चों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। जब ट्रेन जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर पहुंची, तब महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
पति ने दी सूचना, तुरंत मिली मदद
महिला के पति राज कुमार ने तुरंत रेलवे पुलिस और मौके पर पहुंचे रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों को इसकी सूचना दी। इसके बाद GRP द्वारा तुरंत एंबुलेंस बुलाकर महिला और नवजात को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया।