आतिशी मामले में कांग्रेस नेताओं पर FIR से भड़की पंजाब कांग्रेस, राजा वडिंग की कड़ी प्रतिक्रिया

आतिशी मामले में कांग्रेस नेताओं पर FIR से भड़की पंजाब कांग्रेस, राजा वडिंग की कड़ी प्रतिक्रिया

aap is defending atishi over her remarks about guru sahib

चंडीगढ़।
आतिशी मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को लेकर पंजाब कांग्रेस में आक्रोश तेज हो गया है। इस मामले में अब पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। वडिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट जारी कर जालंधर पुलिस की कार्रवाई और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

राजा वडिंग ने अपने ट्वीट में कहा,
“यह बेहद निंदनीय है कि जालंधर पुलिस ने हमारे वरिष्ठ नेताओं और विधायकों परगट सिंह और सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, ताकि दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के खिलाफ कथित अपमान (ब्लास्फेमी) को ढका जा सके।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आतिशी के खिलाफ कथित अपमानजनक कृत्य पर कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं को फंसाने की कोशिश की जा रही है। वडिंग ने कहा कि यह पूरी तरह से राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा,
“मैं पहले भी कह चुका हूं और फिर दोहरा रहा हूं कि हम अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की राजनीति को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।”

राजा वडिंग ने आम आदमी पार्टी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी नेता द्वारा किए गए कथित अपमान को छुपाकर आप पंजाब सरकार अपराध में भागीदार बन रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की जनता, विशेषकर सिख समुदाय, इस मुद्दे को कभी नहीं भूलेगा।

गौरतलब है कि आतिशी मामले को लेकर पहले ही राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और अब पंजाब कांग्रेस की इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद राज्य की राजनीति में टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।