आतिशी मामले में दिल्ली विधानसभा स्पीकर का बड़ा बयान, जालंधर पुलिस की FIR पर उठे सवाल

आतिशी मामले में दिल्ली विधानसभा स्पीकर का बड़ा बयान, जालंधर पुलिस की FIR पर उठे सवाल

delhi assembly speaker raises questions regarding jalandhar police s fir in the

नई दिल्ली।
आतिशी मामले को लेकर अब दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता का बड़ा बयान सामने आया है। स्पीकर ने इस पूरे प्रकरण को विशेषाधिकार के उल्लंघन का मामला करार देते हुए कहा कि संबंधित वीडियो दिल्ली विधानसभा की संपत्ति है और इसकी जांच या इस्तेमाल बिना अनुमति के नहीं किया जा सकता।

दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा,
“यह विशेषाधिकार के उल्लंघन का मामला है क्योंकि यह वीडियो दिल्ली विधानसभा की प्रॉपर्टी है। सवाल यह है कि आप दिल्ली विधानसभा की रिकॉर्डिंग की जांच किस आधार पर कर सकते हैं? इसे एफआईआर का आधार कैसे बनाया जा रहा है? हम इस मामले को बेहद गंभीरता से लेंगे।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा और पूरे मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। स्पीकर ने दो टूक कहा कि किसी को भी दिल्ली विधानसभा के अंदर रिकॉर्डिंग करने की अनुमति नहीं है

गौरतलब है कि इस मामले में जालंधर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें भाजपा विधायक कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया पोस्ट को आधार बनाया गया था। हालांकि, दिल्ली विधानसभा स्पीकर के इस बयान के बाद जालंधर पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इससे पहले भाजपा विधायक कपिल मिश्रा ने भी बयान जारी कर कहा था कि संबंधित वीडियो दिल्ली विधानसभा का है, जिस पर बाहरी एजेंसियों की जांच या कार्रवाई का अधिकार नहीं बनता। अब स्पीकर के ताज़ा बयान ने इस दावे को और मजबूती दी है।

मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर सदन के भीतर और बाहर सियासी टकराव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।