जालंधर नगर निगम कार्यालय की लिफ्ट महीनों से खराब, बुजुर्गों व कर्मचारियों को भारी परेशानी

जालंधर नगर निगम कार्यालय की लिफ्ट महीनों से खराब, बुजुर्गों व कर्मचारियों को भारी परेशानी

lift of municipal corporation office closed

जालंधर।
जालंधर नगर निगम के मुख्य कार्यालय में लगी लिफ्ट पिछले कई महीनों से खराब पड़ी हुई है, जिससे आम जनता के साथ-साथ निगम कर्मचारियों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन लिफ्ट बंद होने के कारण उन्हें ऊपर स्थित दफ्तरों तक जाने में भारी दिक्कत हो रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी खराब लिफ्ट में एक बुजुर्ग व्यक्ति फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस गंभीर घटना के बावजूद अब तक लिफ्ट को ठीक नहीं कराया जाना नगर निगम की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लिफ्ट बंद होने से बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सीढ़ियां चढ़ना लगभग नामुमकिन हो जाता है। इसके बावजूद निगम के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

लोगों और निगम कर्मचारियों ने नगर निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि खराब पड़ी लिफ्ट को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।