नवांशहर में देर रात मुठभेड़: बदमाश के पैर में लगी गोली, एक गिरफ्तार, साथी फरार

नवांशहर में देर रात मुठभेड़: बदमाश के पैर में लगी गोली, एक गिरफ्तार, साथी फरार

नवांशहर।
नवांशहर में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी एक स्थानीय व्यापारी की दुकान पर फायरिंग करने की नीयत से पहुंचे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त व्यापारी को पिछले कई दिनों से रंगदारी की मांग को लेकर धमकी भरे फोन आ रहे थे। इसी के मद्देनज़र पुलिस पहले से ही सतर्क थी और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस फरार बदमाश की तलाश में दबिशें दे रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।