जालंधर में ज्वैलरी शॉप में बड़ी चोरी, रोशनदान की ग्रिल काटकर लाखों के गहने ले उड़े चोर

जालंधर में ज्वैलरी शॉप में बड़ी चोरी, रोशनदान की ग्रिल काटकर लाखों के गहने ले उड़े चोर

चोरी की जानकारी देते हुए दुकानदार। - Dainik Bhaskar

जालंधर।
जालंधर महानगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला आदमपुर की भीड़भाड़ वाली मार्केट स्थित चौक घंटाघर के पास से सामने आया है, जहां चोरों ने लक्ष्मी ज्वैलर्स को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान मालिक विवेक कपूर ने बताया कि वह रोज की तरह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। शो-केस टूटे पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच के दौरान सामने आया कि चोर सोने और चांदी के गहने चोरी कर ले गए हैं, जिनकी कीमत करीब 15 से 16 लाख रुपये आंकी जा रही है। चोरी गए गहनों में ग्राहकों द्वारा बनवाने के लिए दिए गए आभूषण भी शामिल हैं।

CCTV का DVR भी ले गए चोर

दुकान मालिक के अनुसार बाहर शटर और ताले पूरी तरह सुरक्षित थे। चोरों ने चौथी मंजिल पर बने रोशनदान की ग्रिल काटकर दुकान में प्रवेश किया। वारदात को अंजाम देने के बाद पहचान से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना आदमपुर के प्रभारी रविंदर पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।