जालंधर में 5100 बेटियों की डाली गई लोहड़ी, CM की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर रहीं चीफ गेस्ट

जालंधर में 5100 बेटियों की डाली गई लोहड़ी, CM की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर रहीं चीफ गेस्ट

सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत का बुके देर स्वागत किया गया।

जालंधर।
पंजाब में बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए जालंधर के गांव घुड़का स्थित जौहल फार्म में 5100 नवजन्मी बच्चियों की सामूहिक लोहड़ी मनाई गई। इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की।

कार्यक्रम का आयोजन जौहल फार्म सेवा सोसाइटी की ओर से किया गया, जिसमें संस्था के मुख्य सेवादार पिंदु जौहल विशेष रूप से यूके से गांव पहुंचे। समारोह में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर मनमोहन वारिस, जाने-माने गायक हंसराज हंस, पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद और गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानित किया गया।

गीतों और गिद्दा-भंगड़ा से सजा समारोह

कार्यक्रम में पंजाबी गीतों पर लोगों ने जमकर गिद्दा और भंगड़ा डाला। इस दौरान गायक हंसराज हंस ने अपना प्रसिद्ध गीत “पुत्त वंडाउण जमीनां, धीयां दुख वंडाउंदियां ने” गाकर माहौल को भावुक कर दिया। इसके बाद उनके भंगड़ा गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा।

CM के पहुंचने की संभावना

आयोजकों ने बताया कि इस विशेष लोहड़ी समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान के पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। यदि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होते हैं तो यह आयोजन और भी ऐतिहासिक बन जाएगा।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का मजबूत संदेश देना है। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ बच्चियों को उपहार और सम्मान भी दिया गया।